विकासनगर। जिला प्रधान संगठन ने दस सूत्रीय मांगों पर अब तक निर्णय नहीं होने से ने नाराजगी जताई है। शनिवार को प्रधान संगठन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने मांगों को लेकर 22 सितंबर को विकास भवन का घेराव करने की चेतावनी दी। जिलाध्यक्ष शुभम मल्ल ने कहा कि पिछले कई माह से सरकार के समक्ष मांगें रखी जा रही हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बताया कि उनकी मांग ग्राम प्रधानों का न्यूनतम मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह करने, ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्यों को खुली बैठक में प्रतिभाग करने पर मानदेय देने, मनरेगा में श्रमिकों की उपस्थिति व्यवस्था ऑफलाइन करने तथा अकुशल श्रमिकों की मजदूरी 600 और कुशल श्रमिकों की मजदूरी 800 रुपये प्रतिदिन करने की है।कहा कि इसके अलावा संगठन ने राज्य और केंद्रीय वित्त की धनराशि ग्राम पंचायतों को जनसंख्या व भौगोलिक क्षेत्रफल के आधार पर बढ़ाने, जिला योजना में शामिल विकास कार्यों के प्रस्ताव ग्राम पंचायतों की खुली बैठक से अनिवार्य रूप से पारित कराने और जिला योजना की बैठकों में प्रधान संगठन को नामित सदस्य बनाने की मांग की है। प्रधान संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। बताया कि मांगों को लेकर 22 सितंबर को संगठन विकासभवन का घेराव करेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में विकासनगर ब्लॉक अध्यक्ष भरत सिंह, जिला मीडिया प्रभारी आशीष बिष्ट, प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेंद्र सिंह चौहान,सहसपुर ब्लॉक उपाध्यक्ष विवेक कुमार आदि मौजूद रहे।

