रुद्रप्रयाग। जोशीमठ के पास हुए हेलिकॉप्टर हादसे के बाद ट्रांस भारत एविएशन की उड़ानें बंद हैं। ऐसे में केदारनाथ यात्रा के लिए इस कंपनी से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों पर असर पड़ा है। हालांकि यात्रियों को परेशानी न हो इसके लिए उनकी बुकिंग दूसरी कंपनी चिप्सन एविएशन में शिफ्ट की जा रही है।गुप्तकाशी और फाटा से केदारनाथ के लिए संचालित होने वाली ट्रांस भारत एविएशन की उड़ानों पर फिलहाल रोक है। हेली सेवाओं के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि डीजीसीए के आदेश के बाद ट्रांस भारत एविएशन की उड़ानें अग्रिम आदेशों तक रद्द कर दी गई हैं। कंपनी के माध्यम से पहले से बुकिंग कराने वाले यात्रियों को चिप्सन एविएशन में शिफ्ट किया जा रहा है। इसी कंपनी के हेलिकॉप्टर से यात्रियों को केदारनाथ के दर्शन कराए जा रहे हैं। वहीं इस वर्ष केदारनाथ यात्रा के दौरान करीब 1.20 लाख श्रद्धालुओं ने हेलिकॉप्टर से धाम तक की यात्रा की है।

