देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर की सौगात देते हुए कहा कि ये हाईवे, सड़कें, एक्सप्रेसवे और कॉरिडोर हमारे राष्ट्र की भाग्य रेखाएं हैं, ये भविष्य की सूरत बदल देंगे। ये आने वाली पीढ़ियों की समृद्धि की गारंटी हैं, ये मोदी की भी गारंटी हैं।
मंगलवार को पीएम मोदी ने मां डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना के बाद देहरादून में 12 किमी का रोड शो किया। इसके बाद गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह सेना मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। सबसे पहले बाब साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और फिर बटन दबाकर देश को 213 किमी के 11,963 करोड़ की लागत से तैयार हुए दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर की सौगात दी। लोकार्पण कार्यक्रम में जहां सीएम पुष्कर सिंह धामी पीएम के साथ मंच पर ही मौजूद थे, वहीं गणेशपुर से यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और दिल्ली से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।

