Sunday, April 26, 2026
Homeउत्तराखंडनई टिहरीजिला योजना को 30 साल की दूरदर्शिता के साथ तैयार करें: गणेश...

जिला योजना को 30 साल की दूरदर्शिता के साथ तैयार करें: गणेश जोशी

– टिहरी में जिला योजना की बैठक, पेयजल, पर्यटन और विकास कार्यों पर हुआ मंथन
नई टिहरी। प्रदेश के कृषि एवं जनपद टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में जिला योजना की बैठक आज शनिवार 25 अप्रैल, 2026 को जिला कलेक्ट्रेट सभागार, नई टिहरी में आयोजित हुई। बैठक में प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने जिले में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिला योजना को अधिक प्रभावी और दूरदर्शी बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का निर्माण जनप्रतिनिधियों एवं विधायकों की सहभागिता से किया जाए तथा आगामी 30 वर्षों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजना तैयार की जाए। साथ ही जिलाधिकारी को पर्यटन विभाग की पृथक बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या राष्ट्रीय स्तर पर चुनौती है, अतः इसके समाधान हेतु सुनियोजित विकास की योजना बनाई जाए। जिलाधिकारी टिहरी द्वारा बैठक में विभिन्न नवाचारों एवं बेस्ट प्रैक्टिस की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विकासखंड में महिलाओं को स्थानीय उत्पादों के विपणन हेतु ‘माई ब्लॉक माई शॉप’ योजना संचालित की जा रही है। इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल में महिलाओं के लिए फीडिंग रूम, सभी ब्लॉकों में ‘माई ब्लॉक माई लाइब्रेरी’, ‘फिजिक्स वाला’ के माध्यम से निःशुल्क कोचिंग तथा नई स्पोर्ट्स फैसिलिटी के विकास जैसे कार्य प्रगति पर हैं। इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा जिला योजना का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसमें केंद्र पोषित एवं राज्य पोषित योजनाओं की जानकारी दी गई। वर्ष 2026-27 हेतु ₹95 करोड़ 21 लाख 50 हजार की वित्तीय आवश्यकता/मांग रखी गई। विभिन्न विभागों—कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य आदि—के कार्यों को पीपीटी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इनमें घेरबाड़, ट्राउट उत्पादन, कीवी उत्पादन, गोट वैली, पर्यटन के व्यू प्वाइंट्स, सीएचसी/पीएचसी की मरम्मत, विद्यालयों में शौचालय निर्माण आदि प्रमुख रहे।
बैठक में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी द्वारा अपने क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या उठाई गई। इस पर डीएफओ पुनीत तोमर ने सड़क कटान से जल स्रोतों पर पड़ रहे प्रभाव की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने पेयजल विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त कार्यदायी संस्था एडीबी द्वारा निर्माणाधीन आईएसबीटी एवं बौराड़ी मार्केट की गुणवत्ता को लेकर विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय एवं नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत द्वारा प्रश्न उठाए गए। वहीं विधायक धनोल्टी एवं टिहरी द्वारा रिंग रोड निर्माण कार्य व विद्यालयों में शौचालय निर्माण को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, बीजेपी जिलाध्यक्ष उदय रावत, टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत, चंबा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष शोभनी धनोला, ब्लॉक प्रमुख, बीजेपी मीडिया प्रभारी राजेंद्र सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments