देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में स्थित अंग्रेजी एवं देसी शराब के ठेकों से उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर भाजपा पार्षद सतीश कश्यप ने जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान से मुलाकात की। पार्षद ने ज्ञापन में पटेलनगर क्षेत्र में संचालित शराब के ठेकों को घनी आबादी वाले क्षेत्र से अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। पटेलनगर के इन शराब के ठेकों के कारण श्रीराम कॉलोनी, वलिया कम्पाउंड, अशोक पार्क, ग्रीन पार्क कॉलोनी एवं चमनपुरी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग लंबे समय से परेशान हैं। देसी शराब के ठेके के बाहर दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है तथा खुलेआम शराब का सेवन किया जाता है।
वहीं, शाम के समय अंग्रेजी शराब की दुकान पर अत्यधिक भीड़ होने से क्षेत्र में अव्यवस्था और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। निकट स्थित जीआरडी स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित दुर्गा मंदिर का धार्मिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। शराब के नशे में कुछ लोगों द्वारा महिलाओं एवं राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। निरंजनपुर सब्जी मंडी चौक के निकट होने के कारण शाम के समय यातायात का दबाव बढ़ जाता है, जो लालपुल से लेकर पटेल नगर तक पहुंच जाता है। पार्षद सतीश कश्यप ने बताया कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन को मजबूर होंगे। पार्षद ने बताया कि जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिया है। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई को कहा है।

