Saturday, August 29, 2026
Homeराज्यउत्तराखंडरक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी की महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा

रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी की महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन पर अपने गृह जिला भ्रमण के दौरान चकरपुर स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में शुक्रवार को महिलाओं के लिए कई घोषणाएं कीं। धामी ने महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि प्रदेश में वर्तमान में 65 वर्ष से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बसों में उपलब्ध मुफ्त सफर की सुविधा को महिलाओं के लिए 60 वर्ष की आयु से लागू किया जाएगा। इससे प्रदेश की ज्यादा से ज्यादा बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं वाले हाईटेक टॉयलेट विकसित किए जाने की घोषणा की। इन टॉयलेट्स में स्वच्छता के साथ-साथ महिलाओं की निजता, सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं का खास ध्यानन रखा जाएगा।
ज्यादा सुविधाजनक और सम्मानजनक
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति की गरिमा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और अन्य जरूरी स्थानों पर आधुनिक और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराकर महिलाओं के लिए ज्यादा सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।
10बसें पिंक ई-बस के रूप में समर्पित
उन्होंने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के अंतर्गत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में संचालित होने वाली 100 बसों में 10 बसें महिलाओं के लिए पिंक ई-बस के रूप में समर्पित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस सुविधा को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तक भी विस्तारित किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके।
महिला स्वरोजगार योजना के तहत ऋण राशि में बढ़ोत्तरी
महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा दो लाख से बढ़ाकर 2.50 लाख रूपये करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार के लिए जरूरी पूंजी उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार मांगने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।इस दौरान, मुख्यमंत्री धामी को समारोह में उपस्थित बहनों ने उन्हें भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षासूत्र बांधा। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का अभिवादन करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments