Sunday, November 29, 2026
Homeउत्तराखंडहरिद्वारसंत समाज में शोक की लहर, कुंभ भूमि पूजन स्थगित

संत समाज में शोक की लहर, कुंभ भूमि पूजन स्थगित

हरिद्वार। निर्माण पीठाधीश्वर एवं महानिर्वाणी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज के निधन से संत समाज और आध्यात्मिक जगत में शोक व्याप्त है। उन्होंने शनिवार को दिल्ली में अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।

स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज के निधन के चलते एक दिसंबर को भैरव अष्टमी के अवसर पर प्रस्तावित श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े का भूमि पूजन कार्यक्रम अब नहीं होगा। जूना अखाड़े ने शोक स्वरूप अपने प्रमुख मठों, मंदिरों और आश्रमों में तीन दिन तक सभी धार्मिक आयोजन एवं समारोह स्थगित रखने का निर्णय लिया है।

जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि ब्रह्मलीन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज की स्मृति में अखाड़े के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर तीन दिन तक विशेष पूजा-अर्चना, शांति पाठ और हवन आयोजित किए जाएंगे। इन धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से दिवंगत संत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी।

शनिवार को ग्वालियर स्थित सिंध नदी के तट पर भुवनेश्वर महादेव मंदिर में श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के संयोजन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें विभिन्न आश्रमों के महामंडलेश्वर, वरिष्ठ संत-महात्मा और नागा संन्यासियों ने भाग लिया। संतों ने स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज के आध्यात्मिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज राजस्थान के बीकानेर के राजगुरु होने के साथ कनखल स्थित श्री यंत्र मंदिर सोमेश्वर धाम के पीठाधीश्वर भी थे। उनका अचानक निधन संत समाज के लिए बड़ी क्षति है। उनके जाने से आध्यात्मिक जगत में जो रिक्तता पैदा हुई है, उसे भर पाना कठिन है।

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments