देहरादून।मसूरी तक प्रस्तावित झाझरा-मिस्सरपट्टी सड़क के निर्माण में करीब 20 हजार पेड़ों के कटान का विरोध शुरू हो गया है। पर्यावरण संरक्षण संस्था सिटीजन्स फॉर ग्रीन दून ने पेड़ों को बचाने के लिए परियोजना रद्द करने की मांग की है। संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्य सचिव से मुलाकात कर लंबीधार किमाडी रोड चौड़ीकरण में भी करीब 700 पेड़ों पर खतरे का मुद्दा उठाया।प्रतिनिधिमंडल में शामिल ईरा चौहान, जया सिंह और हिमांशु अरोड़ा ने मसूरी की वहन क्षमता के अनुरूप पर्यटकों और वाहनों के प्रवेश की व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया। प्रतिनिधियों के मुताबिक मसूरी में केवल 1287 वाहनों की पार्किंग क्षमता है।होटल के कमरे, पेयजल और सीवेज व्यवस्था को ध्यान में रखकर पर्यटकों की संख्या तय होनी चाहिए। उन्होंने लंढौर और झड़ीपानी में भू-धंसाव की घटनाओं का हवाला देते हुए जोशीमठ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई। मुख्य सचिव ने कहा कि किसी नागरिक को शहर में आने से नहीं रोका जा सकता, क्योंकि निर्बाध आवागमन उसका अधिकार है। प्रतिनिधिमंडल ने घर में चार मेहमानों के उदाहरण से नियंत्रित प्रवेश की जरूरत समझाई। संस्था के अनुसार मुख्य सचिव ने सुझाव आगे की कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव, पर्यावरण को भेजे हैं।

