विकासनगर। प्रधानमंत्री मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत पोर्टल दोबारा खुलने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब वंचित किसान अपनी रबी फसल का बीमा प्रीमियम जमा कर सकेंगे। भारत सरकार के पीएम फसल बीमा पोर्टल को 23 जून से 30 जून तक पुनः खोल दिया गया है।जानकारी के अनुसार रबी फसल के लिए मौसम आधारित फसल बीमा पोर्टल पहली बार 12 जून को खोला गया था, लेकिन इसकी सूचना किसानों तक देर शाम पहुंची। इसके बाद 13 और 14 जून को शनिवार और रविवार का अवकाश होने के कारण किसानों को बीमा कराने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। ऐसे में सोमवार को केवल एक दिन के भीतर ही किसानों को प्रीमियम जमा करना पड़ा, जिसमें महज 20 प्रतिशत किसान ही बीमा करा सके।पोर्टल बंद होने के बाद अधिकांश किसान अपनी फसलों का बीमा कराने से वंचित रह गए थे, जिससे किसानों में चिंता और असंतोष था। कई किसानों ने पोर्टल दोबारा खोलने की मांग भी उठाई थी। अब पोर्टल फिर से शुरू होने से किसानों को राहत मिली है। एग्रीकल्चर बीमा कंपनी के उप प्रबंधक शुभम जोहरी ने बताया कि 23 जून से 30 जून तक पीएम मौसम आधारित फसल बीमा पोर्टल खोला गया है। इस अवधि में जिन किसानों का बीमा नहीं हो पाया था, वे अपनी रबी फसल का बीमा प्रीमियम जमा कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते अपने नजदीकी बैंक या संबंधित केंद्र पर पहुंचकर बीमा प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि प्राकृतिक आपदा या मौसम की मार से होने वाले नुकसान की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
Recent Comments
on पिरूल कलेक्शन कर रहे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएं : मुख्य सचिव
on मुख्य सचिव ने की पिरूल के निस्तारण एवं अन्य उपयोगों के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक
on भक्तदर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में सीएम धामी हुए मुख्य अतिथि शामिल
on स्व.मेजर अशोक कुमार के जन्मदिवस पर उनकी पत्नी सुषमा खिंडारिया ने राजभवन को 275 बोनसाई पौधे भेंट किये

