Monday, May 4, 2026
Homeउत्तराखंडविकासनगरसेलाकुई से विकासनगर तक जाम से परेशान रहे लोग

सेलाकुई से विकासनगर तक जाम से परेशान रहे लोग

विकासनगर। पछुवादून में हर दिन लगने वाला जाम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। सोमवार को सेलाकुई से लेकर हरबर्टपुर और विकासनगर तक लोग दिनभर जाम से परेशान रहे। विकासनगर में दिनभर वाहन रेंगते नजर आए। सेलाकुई में दोपहर से जाम की स्थिति पैदा हो गई। सबसे अधिक परेशानी लोगों को हरबर्टपुर में झेलनी पड़ी। वहां सुबह से ही रुक-रुककर देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसे लोगों ने सोशल मीडिया पर भी आपबीती सुनाई। पछुवादून के तीनों निकायों में हर दिन लगने वाले जाम से स्थानीय लोग, व्यापारियों और मुसाफिरों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इन दिनों यात्रा सीजन चलने के कारण पछुवादून में भी यातायात का दबाव बढ़ा हुआ है। जबकि बीते दो दिन लगातार बारिश के बाद सोमवार को मौसम खुलने के कारण लोग बड़ी संख्या में अपने वाहनों से खरीदारी करने बाजारों में पहुंचे। इससे सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। विकासनगर बाजार में पूर्वाह्न 11 बजे से दिनभर वाहन रेंगते नजर आए। करीब एक किमी के दायरे में फैले बाजार को पार करने में वाहनों को आधा घंटे का समय लगा। हरबर्टपुर चौक पर सुबह से शुरू हुआ जाम रुक-रुककर देर रात तक लगता रहा। जाम के कारण हरबर्टपुर की विकासनगर रोड, पांवटा रोड, सहारनपुर रोड और देहरादून रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सेलाकुई कस्बे में दोपहर बाद शुरू हुए जाम ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। दिनभर एनएच पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। तीनों ही निकायों में जाम का मुख्य कारण एनएच के दोनों किनारों पर बेतरतीब खड़े वाहन हैं। सेलाकुई में छोटे यात्री वाहनों के साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में जाने वाले कंटेनर भी जाम का कारण बन रहे हैं।

 

 

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments