विकासनगर। स्वतंत्रता दिवस पर सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण मताधिकार की रक्षा की मांग को लेकर ब्लॉक मुख्यालय पर धरने पर बैठे रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के 200 से अधिक लोगों के नाम पर फर्जी आपत्तियां दर्ज कर उनके मताधिकार को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। धरना सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ और दोपहर करीब दो बजे तक चला। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा और सभी आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। धरना प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणो का नतृत्व कर रहे सहसपुर के पूर्व प्रधान एवं कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सुंदर थापा ने आरोप लगाया कि आपत्तियां दर्ज कराने वाले लोग सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के नहीं, बल्कि विकासनगर, टिहरी और हरिद्वार समेत अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित हैं। उनका कहना है कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार संबंधित विधानसभा क्षेत्र का मतदाता ही वहां के मतदाताओं के संबंध में आपत्ति दर्ज करा सकता है। उन्होंने कहा कि जिन मोबाइल नंबरों और नामों का इस्तेमाल आपत्तियों के लिए किया गया है, उनसे फोन पर संपर्क करने पर संबंधित लोगों ने आपत्ति दर्ज कराने से साफ इनकार किया। इससे ग्रामीणों ने फर्जी आपत्तियां दर्ज किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों ने मांग की कि किसी अन्य व्यक्ति के नाम अथवा पहचान का इस्तेमाल कर फर्जी हस्ताक्षर और आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मताधिकार प्रत्येक पात्र नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और किसी भी स्तर पर इसे प्रभावित करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरने में ग्राम प्रधान समीर, परमाल सिंह,, संजय रावत, अनीस अहमद, क्षेत्र पंचायत सदस्य शाहरुख, इंतजार, अमजद, मोईन, कालूराम, अकरम सलमानी, कबीर हसन, सोनू, सलमान, फरमान आदि शामिल रहे।
Recent Comments
on पिरूल कलेक्शन कर रहे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएं : मुख्य सचिव
on मुख्य सचिव ने की पिरूल के निस्तारण एवं अन्य उपयोगों के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक
on भक्तदर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में सीएम धामी हुए मुख्य अतिथि शामिल
on स्व.मेजर अशोक कुमार के जन्मदिवस पर उनकी पत्नी सुषमा खिंडारिया ने राजभवन को 275 बोनसाई पौधे भेंट किये

