देहरादून। जिले में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत विशेष शपथ अभियान की अवधि बढ़ाकर अब 18 अक्टूबर 2026 तक कर दी गई है। अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों और स्थानीय निकायों समेत विभिन्न संस्थानों में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अभियान में कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यालयों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों के छात्र-छात्राओं को शामिल करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अधिकारियों-कर्मचारियों, श्रमिकों, स्थानीय नागरिकों और महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के तहत होटल, होम स्टे, हॉस्टल और खेल संस्थानों में भी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शपथ कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों और संस्थानों को शपथ कार्यक्रमों की सूचना तथा प्रमाण-पत्रों का संकलन कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ऑनलाइन शपथ क्यू आर कोड अथवा समाज कल्याण विभाग के पोर्टल के माध्यम से ली जा सकेगी। शपथ लेने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने सभी संबंधित संस्थानों से 18 अक्टूबर तक अधिकाधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के साथ कार्यक्रमों के फोटोग्राफ और निर्धारित सूचना समाज कल्याण विभाग, देहरादून को उपलब्ध कराने को कहा है। प्रशासन का उद्देश्य युवाओं समेत समाज के सभी वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशीली दवाओं के खिलाफ सामूहिक जनभागीदारी को मजबूत करना है।

