देहरादून। कांग्रेस विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह ने शनिवार को पीआरडी निदेशालय में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों की 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की मांग का समर्थन किया। विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। जवान प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न सरकारी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित रोजगार और अन्य सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब वह प्रदेश सरकार में मंत्री थे, तब उनके कार्यकाल में पीआरडी जवानों के प्रशिक्षण एवं उनके हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए थे। कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर उनकी जायज मांगों को पूरा करने और 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में हरसंभव प्रयास किया जाएगा। प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि पीआरडी जवान वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें आज भी रोजगार की अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जवानों के संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। इस दौरान संग्राम पुंडीर ने पीआरडी जवानों को आश्वस्त किया कि पार्टी उनके अधिकारों और मांगों को लेकर उनके साथ खड़ी है।

