देहरादून। कांग्रेस ने हल्द्वानी में विशाल जनसभा के बाद कार्यक्रम स्थल पर कथित रूप से हवन-यज्ञ कर शुद्धिकरण किए जाने की घटना के विरोध में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। कांग्रेस के कार्यकर्ता गुरुवार को कांग्रेस के संचार विभाग के राष्ट्रीय सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में सेवला कला चौक स्थित अंबेडकर भवन के बाहर एकत्र हुए और भाजपा के खिलाफ नारेबाी कर पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया। वैभव वालिया ने कहा कि यह केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों दलितों, वंचितों और सामाजिक रूप से हाशिये पर खड़े लोगों के सम्मान और संवैधानिक अधिकारों पर हमला है।कहा कि कांग्रेस की जनसभा वाले कार्यक्रम स्थल को शुद्ध करने जैसी मानसिकता 21वीं सदी के भारत के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि भाजपा जब भी अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा की गई ऐसी घटनाओं पर घिरती है तो उसे ‘फ्रिंज एलिमेंट’ बताकर पल्ला झाड़ने का प्रयास करती है। सवाल यह है कि अगर ये लोग भाजपा से जुड़े नहीं हैं तो इतने दिन बीत जाने के बावजूद दोषियों पर एफआईआर क्यों दर्ज नहीं हुई? । कहा कि सरकार ने स्वतः संज्ञान लेकर जांच क्यों नहीं कराई। कहा कि प्रदेश प्रशासन की जिम्मेदारी है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कराएं और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस दौरान अनुसूचित जाति जनजाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मदन लाल, राष्ट्रीय संयोजक नानक चंद, डिंपल कुमार, अमन सिंह, राव नसीम, तनवीर, पीयूष गौड़, जगदीश धीमान, रेहाना परवीन, आफताब, वसीम, आयुष सेमवाल, बबलू पंवार, दीपक मंडवाल, कृष्ण कुमार, अमन सिंह आदि मौजूद थे।

