देहरादून। शास्त्रीनगर, डिफेंस कॉलोनी इलाके में मॉर्निंग वॉक के दौरान एमडीडीए के एई राजेंद्र कुमार बहुगुणा की सड़क हादसे में मौत के मामले में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मृतक की पत्नी नीना बहुगुणा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बुधवार को बाइक सवार पर केस दर्ज किया है। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि 10 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे रिस्पना पुल के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे पैदल चल रहे राजेंद्र बहुगुणा को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद वहां मौजूद सीआरपीएफ के उप-निरीक्षक विद्या लाल डबराल ने तत्काल घायल को एक ऑटो से कैलाश अस्पताल भिजवाया।उन्होंने आरोपी बाइक सवार को भी चेतावनी देकर साथ भेजा और उसकी गाड़ी का नंबर नोट कर परिजनों को उपलब्ध कराया। निजी अस्पताल में गंभीर रूप से घायल एई का इलाज के दौरान उसी दिन निधन हो गया था। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत चश्मदीदों के बयानों और गाड़ी नंबर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

