Saturday, October 10, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादूननाबार्ड का दो दिवसीय ‘सेब महोत्सव 3.0’ संपन्न

नाबार्ड का दो दिवसीय ‘सेब महोत्सव 3.0’ संपन्न

देहरादून। पिछले दो संस्करणों की सफलता को आगे बढ़ाते हुए, राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड), उत्तराखंड क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून द्वारा 08 एवं 09 अक्टूबर 2026 को अपने परिसर में दो दिवसीय ‘सेब महोत्सव 3.0’ का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य जनजातीय विकास निधि (TDF) परियोजनाओं के लाभार्थियों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) तथा स्वयं सहायता समूहों (SHGs) द्वारा उत्पादित वस्तुओं के विपणन को बढ़ावा देना और उनके लिए बेहतर बाजार संपर्क स्थापित करना था।
‘सेब महोत्सव 3.0’ का उद्घाटन 08 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड सरकार के मुख्य सचिव ने नाबार्ड के उत्तराखंड क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक पंकज यादव की उपस्थिति में किया। उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के सचिव एस. एन. पाण्डेय तथा भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक हर्ष कुमार गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष, पंजाब नेशनल बैंक के महाप्रबंधक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) के संयोजक सहित भारतीय रिजर्व बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, यूको बैंक, केनरा बैंक, जिला सहकारी बैंकों तथा विभिन्न राज्य सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सहभागिता की।अपने संबोधन में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नाबार्ड की पहलों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन राज्य के विविध उत्पादों एवं कृषि उपज के प्रति उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ किसानों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम किसानों को विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं एवं सहायता तंत्रों की जानकारी उपलब्ध कराते हैं, जिससे उनके सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलती है।
इस अवसर पर पंकज यादव ने महोत्सव में प्रदर्शित एवं बिक्री के लिए उपलब्ध विभिन्न उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने मुख्य सचिव को कृषि एवं ग्रामीण विकास, आजीविका संवर्धन, जनजातीय विकास, जलवायु-सहिष्णु कृषि, किसान उत्पादक संगठनों तथा ग्रामीण आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नाबार्ड द्वारा प्रदान किए जा रहे सहयोग से अवगत कराया। उन्होंने राज्य में समावेशी एवं सतत विकास को बढ़ावा देने में इन पहलों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
उद्घाटन समारोह के बाद मुख्य सचिव, विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों तथा नाबार्ड के अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने नाबार्ड एवं उत्तराखंड सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) की संभावनाओं पर विचार करने का सुझाव दिया, ताकि विकासात्मक परियोजनाओं एवं कार्यक्रमों में अभिसरण के संभावित क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें सुव्यवस्थित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साझेदारी से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत होगा, संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा तथा विकास संबंधी पहलों की प्रभावशीलता बढ़ेगी।
‘सेब महोत्सव 3.0’ के दौरान आगंतुकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। महोत्सव में लगभग 2,400 किलोग्राम सेब और 700 किलोग्राम कीवी फल की बिक्री हुई। इसके अतिरिक्त हथकरघा उत्पादों, डेयरी उत्पादों तथा विभिन्न भौगोलिक संकेतक (GI) टैगयुक्त उत्पादों की भी उल्लेखनीय बिक्री दर्ज की गई।
‘सेब महोत्सव’ के इस तीसरे संस्करण को आमजन, किसानों तथा अन्य हितधारकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। इस आयोजन ने ग्रामीण उत्पादकों को बाजार से जोड़ने, ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा किसानों की आय संवर्धन के लिए प्रभावी विपणन अवसर उपलब्ध कराने में नाबार्ड की भूमिका को रेखांकित किया।

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments