हरिद्वार। जमालपुर कलां ग्राम पंचायत क्षेत्र में सीवर लाइन की अनदेखी को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीणों और कॉलोनीवासियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मित्र विहार कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य को रुकवा दिया। आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंचे निर्माण एवं अनुरक्षण शाखा के एई अनूप भंडारी का घेराव कर जमकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि प्रशासन केवल मित्र विहार कॉलोनी तक ही सीवर लाइन डाल रहा है, जबकि इसके आगे स्थित लक्की विहार, संगम विहार, उमा विहार, दुर्गा एंक्लेव, कस्तूरी एंक्लेव, बृजकिशोर एंक्लेव और कुसुम एंक्लेव जैसी कई बड़ी कॉलोनियों को योजना से बाहर रखा गया है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी कॉलोनियों में भी सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू नहीं किया जाता, तब तक मुख्य मार्ग पर चल रहा निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। उनका कहना था कि प्रशासन मुख्य सड़क पर सीवर लाइन तो डाल रहा है, लेकिन उसे कॉलोनियों से जोड़ने की कोई योजना नहीं है। लोगों ने आरोप लगाया कि हर बार अधिकारी बजट का हवाला देकर मामले को टाल देते हैं, जबकि क्षेत्र की करीब 15 हजार की आबादी आज भी बिना सीवर व्यवस्था के रहने को मजबूर है।

