उत्तरकाशी। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए, जिससे उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी से गंगोत्री धाम पहुँची और विशेष पूजा-अभिषेक के साथ दोपहर 12:15 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इसी प्रकार मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में खरसाली से यमुनोत्री धाम पहुँची और 12:35 बजे श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोले गए।
गंगोत्री धाम में आयोजित कपाटोद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा की और चारधाम यात्रा के सफल आयोजन, प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं देश की खुशहाली की मंगलकामना की। उन्होंने मां गंगा के मंदिर में शीश नवाया और देव डोली से आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है और हर श्रद्धालु इन दिव्य धामों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करना चाहता है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम यात्रा के लिए राज्य सरकार ने व्यापक व्यवस्थाएँ की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से ग्रीन और क्लीन यात्रा के सफल आयोजन हेतु सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, दायित्वधारी प्रताप पंवार, जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्रा, मुख्यमंत्री के गढ़वाल कोऑर्डिनेटर किशोर भट्ट, मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

