विकासनगर। यमुना शरदोत्सव क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक महोत्सव के तीसरे दिन कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने ब्लॉक मुख्यालय परिसर में सभागार निर्माण और ग्राम पंचायत डिमऊ में बहुउद्देश्यीय भवन निर्माण कराने की घोषणा की। खिलाड़ियों से परिचय के दौरान मंत्री ने मैदान में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का प्रदर्शन करने की सलाह दी।
मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए काबिना मंत्री ने कहा कि जौनसार बावर का प्रवेश द्वार, कई ऐतिहासिक गाथाओं का साक्षी और ऋषि मुनियों की तपस्थली के साथ ही सम्राट अशोक का सबसे पंसदीदा स्थल कालसी पूरे देश मे अलग पहचान रखता है। कहा इस क्रीड़ा प्रतियोगिता में जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी प्रतिभाग करते हैं। वहीं विभिन्न प्रांतों की अनूठी लोक संस्कृति की झलकियां भी देखने को मिलती हैं। कहा किसी भी समाज की पहचान उसकी संस्कृति से होती है।
मंत्री ने कहा कि इस महोत्सव में जहां भव्यता, सभ्यता के साथ- साथ क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों और लोक कलाकारों को एक अच्छा प्लेटफार्म मिलता है। बताया कि हमारी सरकार खिलाड़ियों और कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने सरकार की ओर से यमुना शरदोत्सव क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समिति कालसी को हर संभव सहयोग का भी भरोसा दिलाया। इस अवसर पर आयोजकों ने ने काबिना मंत्री को को स्मृति चिन्ह भेंट किया। जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने साहिया में कोल्ड स्टोरेज खोलने और बागवानों को स्थानीय स्तर पर विपणन की व्यवस्था कराए जाने की मांग काबिना मंत्री से की। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह, भीम सिंह चौहान, रितेश असवाल, पूनम नौटियाल आदि मौजूद रहे।

