ऋषिकेश। ब्रह्माकुमारीज आश्रम में सोमवार को 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान कार्यक्रम हुआ। जिसमें लोगों को नशा उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें नशा मुक्ति का संकल्प कराया गया। गीतानगर स्थित ब्रह्माकुमारीज आश्रम में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ मेयर शंभू पासवान ने किया। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा यह अभियान समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ऐसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।

