Tuesday, August 4, 2026
Homeउत्तराखंडविकासनगरएक करोड़ के मिनी स्टेडियम विस्तार के काम पर उठे सवाल

एक करोड़ के मिनी स्टेडियम विस्तार के काम पर उठे सवाल

विकासनगर। जौनसार-बावर क्षेत्र के तीन खत्तों के केंद्र बिंदु माने जाने वाले पंजिटीलानी मिनी स्टेडियम के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण कार्य पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों की ओर से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से चल रहे निर्माण कार्य में पुराने ढांचे पर केवल लीपापोती किए जाने और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग के आरोप लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पंजिटीलानी मिनी स्टेडियम का निर्माण वर्ष 2004-05 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान हुआ था। लंबे समय तक युवा कल्याण विभाग की देखरेख में रहने के बावजूद स्टेडियम जर्जर हो गया। वर्ष 2023-24 में क्षेत्र के ग्रामीणों ने यहां भव्य खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसके बाद स्टेडियम के जीर्णोद्धार की मांग तेज हुई। स्टेडियम की खराब स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने अपनी-अपनी निधि से 10-10 लाख रुपये स्वीकृत किए, जिससे प्रारंभिक सुधार कार्य कराया गया। इसके बाद वर्ष 2023 में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। आयोजन समिति ने मुख्यमंत्री को 16 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा था, जिसमें सबसे प्रमुख मांग मिनी स्टेडियम के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण की थी। मुख्यमंत्री ने इस मांग को स्वीकार करते हुए स्टेडियम के विकास की घोषणा की थी। लगभग चार वर्ष बाद इस कार्य के लिए करीब एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई। ग्रामीण सुरेंद्र सिंह,सूरत सिंह पूरण सिंह टीकम सिंह विरेंद्र सिंह धजवीर सिंह बलवीर सिंह अजब सिंह श्याम सिंह आदि का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान नई संरचना तैयार करने के बजाय पुरानी दीवारों और मुख्य मंच पर केवल लीपापोती की जा रही है। उनका कहना है कि कार्यदायी संस्था और संबंधित विभाग की मिलीभगत से घटिया निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है। सीडीओ अभिनव शाह ने कहा कि यदि पंजिटीलानी मिनी स्टेडियम में घटिया निर्माण कार्य की शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराई जाएगी। चेतावनी दी कि दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments