विकासनगर। थाना सेलाकुई क्षेत्र के अंतर्गत सारना नदी किनारे संरक्षित पशु का अवशेष मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पशु चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में अवशेष का परीक्षण कराया। प्रथम दृष्टया इसे गोवंश का अवशेष पाए जाने पर पुलिस ने उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष लोकपाल परमार ने बताया कि बुधवार कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि सारना नदी क्षेत्र में संरक्षित पशु के कटान होने की आशंका है। सूचना देने वाले रचित मिश्रा ने बताया कि मौके पर पशु का पैर पड़ा हुआ है। बताया कि सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक विवेक सिंह भंडारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। सूचना देने वाले व्यक्ति और उनके साथियों ने पुलिस को नदी के अंदर उस स्थान तक पहुंचाया, जहां एक पशु के पैर का अवशेष पड़ा हुआ था। बताया कि प्रारंभिक निरीक्षण में अवशेष कुछ दिन पुराना प्रतीत हुआ। उसमें ऊपर की ओर हड्डी दिखाई दे रही थी, जबकि नीचे की ओर भूरे रंग के बाल और काले रंग का खुर मौजूद था। इसके बाद पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाया गया। बताया कि पशु चिकित्साधिकारी ने प्रथम दृष्टया अवशेष को गोवंश का बताते हुए उसका सैंपल लिया। इसके आधार पर पुलिस ने गोवंश संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया कि साक्ष्य संकलन के बाद पशु अवशेष को मौके पर ही गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया है।
Recent Comments
on पिरूल कलेक्शन कर रहे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएं : मुख्य सचिव
on मुख्य सचिव ने की पिरूल के निस्तारण एवं अन्य उपयोगों के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक
on भक्तदर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में सीएम धामी हुए मुख्य अतिथि शामिल
on स्व.मेजर अशोक कुमार के जन्मदिवस पर उनकी पत्नी सुषमा खिंडारिया ने राजभवन को 275 बोनसाई पौधे भेंट किये

