विकासनगर। प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने नंदा की चौकी के पास पुल की एप्रोच रोड धंसने और उसकी मरम्मत में तकनीकी अनियमितताओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन किए बिना मरम्मत कार्य किया गया है तो भविष्य में सड़क धंसने और बड़े हादसों का खतरा बना रहेगा। सेलाकुई में आयोजित प्रेसवार्ता में शर्मा ने कहा कि बाढ़ और नदी के कटाव से क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की मरम्मत केवल मिट्टी भरकर नहीं की जा सकती। उनके अनुसार, एनएचएआई, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा इंडियन रोड्स कांग्रेस (आईआरसी) के मानकों के तहत तकनीकी निरीक्षण, एंबैंकमेंट पुनर्निर्माण, लेयर-वाइज कंपैक्शन, ढलान संरक्षण, ड्रेनेज व्यवस्था और गुणवत्ता परीक्षण के बाद ही सड़क को यातायात के लिए खोला जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि इन मानकों और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का पालन किए बिना जल्दबाजी में मरम्मत की गई है तो सड़क दोबारा क्षतिग्रस्त हो सकती है और जनसुरक्षा पर खतरा उत्पन्न होगा। कांग्रेस नेता ने पूरे मामले की स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञ समिति से जांच कराने, संयुक्त निरीक्षण की तकनीकी रिपोर्ट, गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट और अपनाई गई एसओपी को सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही दोषी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई कर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
Recent Comments
on पिरूल कलेक्शन कर रहे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएं : मुख्य सचिव
on मुख्य सचिव ने की पिरूल के निस्तारण एवं अन्य उपयोगों के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक
on भक्तदर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में सीएम धामी हुए मुख्य अतिथि शामिल
on स्व.मेजर अशोक कुमार के जन्मदिवस पर उनकी पत्नी सुषमा खिंडारिया ने राजभवन को 275 बोनसाई पौधे भेंट किये

