देहरादून। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने को लेकर उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने आपत्ति जताई है। विकासखंड रायपुर शाखा के पदाधिकारियों ने उप शिक्षा अधिकारी से शिक्षकों की ड्यूटी में संशोधन करने की मांग की है।शिक्षक संघ का कहना है कि एक दिसंबर 2026 से नौ जनवरी 2027 तक प्रस्तावित जनगणना कार्य में विकासखंड के कई विद्यालयों के शत-प्रतिशत शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है। कुछ स्कूलों में 50 प्रतिशत से अधिक शिक्षक भी इस कार्य में लगाए गए हैं। इससे विद्यालयों में पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका है। विशेष रूप से प्राथमिक स्तर के छोटे बच्चों की देखभाल और नियमित शिक्षण व्यवस्था बाधित हो सकती है। अध्यक्ष अरविंद सिंह सोलंकी, कोषाध्यक्ष प्रशांत सकलानी, मंत्री बिनोद सिंह असवाल ने मांग की है कि जिन विद्यालयों के सभी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, वहां पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराए जाएं। प्रत्येक विद्यालय में कम से कम 50 प्रतिशत शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में अन्य विभागों के कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएं। साथ ही ड्यूटी तय करते समय छात्र संख्या और विद्यालयों की परिस्थितियों का ध्यान रखा जाए।

