चमोली। नीती घाटी के तमक में सोमवार को गदेरे के भीषण उफान में बैली ब्रिज के साथ ही स्थानीय लोगों की कृषि भूमि बहने की घटना के बाद उत्तराखंड क्रांति दल के प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पूर्व कुलपति डॉ. उदय सिंह रावत, यूकेडी अध्यक्ष यदुवीर सिंह नेगी, अंकित राणा, महावीर सिंह, विक्रम सिंह राणा, राहुल कुंवर समेत कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। डॉ. यूएस रावत ने बताया कि नाले में बहकर आए मलबे में स्थानीय लोगों की कृषि भूमि, सेब, आडू और अखरोट के सैकड़ों पेड़ बह गए हैं। उन्होंने मौके पर ही ज्योतिर्मठ के एसडीएम से भेंट कर शीघ्र ग्रामीणों के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा दिए जाने की पैरवी की। साथ ही सीमा क्षेत्र में बाधित आवागमन को जल्द सुचारू करने की मांग की। अधिकारियों ने जनता की परेशानी को देखते हुए यथाशीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

