विकासनगर। जिला कांग्रेस कमेटी पछुवादून के कार्यकर्ताओं को गुस्सा बुधवार प्रदेश सरकार और नैनीताल एसपी के खिलाफ फूट पड़ा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। बुधवार सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य बाजार स्थित तिलक भवन में एकत्र हुए। जहां से नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में पहाड़ी गली चौक पहुंचे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के इशारे पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गाड़ियों को रोकने का प्रयास किया गया। कहा कि संविधान की शपथ लेने वाली सरकारी मशीनरी का राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस कार्यकर्ता इससे डरने वाले नहीं हैं और राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करते रहेंगे। पूर्व मंत्री नवप्रभात ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और अब सरकारी मशीनरी का सहारा लेकर जनता और विपक्ष को डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष बॉबी नौटियाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव शम्मी प्रकाश, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, नीरज रोहिला, मोहित बिष्ट, जितेंद्र रावत, विपुल जैन, सहसपुर ब्लॉक अध्यक्ष अमित पंवार, जिला महासचिव राजीव शर्मा, अजीत, बीना चौहान, अमित रमोला, शशांक शर्मा, सलीम, वाजिद अली, सोमेंद्र टंडन, भुवन पंत, राजेंद्र बिंजोला, हरीश ग्रोवर, समीर अंसारी, बेली राम, आनोद वर्मा, सुरेश राणा, गौरव शर्मा, रणवीर शर्मा, अमित शर्मा, निरंकार शर्मा, ठाकुर, फुरकान, वैभव गुप्ता शामिल रहे।

