हरिद्वार। सावन की शिवरात्रि के अवसर पर श्री अखंड परशुराम अखाड़े की ओर से यूजीसी के नियमों के विरोध में कांवड़ यात्रा निकाली गई। बिरला घाट से शुरू हुई यात्रा शिवमूर्ति पहुंची। इस दौरान अखाड़े के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने यूजीसी रोल बैक और काला कानून वापस लो के नारे लगाते हुए विरोध जताया। अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि सरकार की ओर से लागू किए गए इस कानून से बच्चों के भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कानून सवर्ण समाज के हितों के खिलाफ है। चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया और आरक्षण नीति में सुधार नहीं किया तो सवर्ण समाज आंदोलन को और तेज करेगा.
संत कार्तिकेय महाराज ने कहा कि संत का कार्य समाज में अच्छे और बुरे की पहचान करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां चारों वर्णों को आपस में लड़ाने का काम कर रही हैं। भगवान शिव का जलाभिषेक कर सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसे निर्णय जारी रखे तो सवर्ण समाज और संतों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
यात्रा में शिवशंकर शास्त्री, स्वामी रुद्रानंद, कमल मुनि, स्वामी आनंद महाराज, स्वामी अमित, स्वामी कृष्णा, स्वामी कमल महाराज, आचार्य पवन कृष्ण शास्त्री, आचार्य संजय कृष्ण शास्त्री, जलज कौशिक, दिनेश बाली, ऋषि शर्मा, रोहित गिरी, चमन गिरी, शेरू कुमार, गौरव कुमार, मुकेश कुमार, संजू अग्रवाल, कुलदीप शर्मा, अमित कुमार, संदीप कुमार और हेमराज कुमार आदि शामिल रहे।

