विकासनगर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए लगाए गए विशेष शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, उनके सत्यापन की प्रगति तथा अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि बूथों पर आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवश्यक प्रपत्र, अभिलेख और अन्य व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही मतदाताओं को दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया की पूरी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने अधिकारियों को एसआईआर अभियान के दौरान प्राप्त प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष सत्यापन करने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, निर्वाचन से जुड़े अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, बूथ लेवल अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

