Monday, March 9, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादूनदून के शिक्षक को फेसबुक की 'विदेशी' महिला दोस्त ने लगाया...

दून के शिक्षक को फेसबुक की ‘विदेशी’ महिला दोस्त ने लगाया नौ लाख का चूना

देहरादून। सोशल मीडिया पर हुई अनजान दोस्ती एक सरकारी शिक्षक को भारी पड़ गई। खुद को ऑस्ट्रेलिया में फंसी असहाय महिला बता निवेश में भारी मुनाफे का लालच देकर चंपावत के जवाहर नवोदय विद्यालय के गणित शिक्षक से नौ लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ नेहरू कॉलोनी संजीत कुमार ने बताया कि अजबपुरकलां, शांति विहार निवासी 59 वर्षीय श्रीकृष्ण नौटियाल चंपावत के जवाहर नवोदय विद्यालय में गणित के अध्यापक हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उनके फेसबुक पर गीता ठाकुर नाम के एकाउंट से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। धीरे-धीरे बातचीत व्हाट्सएप तक पहुंची। महिला ने खुद को ऑस्ट्रेलिया में फंसी एक बेसहारा विधवा बताया। जिसके पति का देहांत हो चुका है। सहानुभूति बटोरने के बाद महिला ने उन्हें डीजीसीएक्स नाम की कंपनी में निवेश कर 60 से 70 प्रतिशत रिटर्न पाने का लालच दिया। शिक्षक का भरोसा जीतने के लिए ठगों ने उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा। जहां पहले से मौजूद ठगों के साथी हर दिन लाखों के फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा करते थे। इन फर्जी आंकड़ों के झांसे में आकर शिक्षक ने बताए गए विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई आईडी में पैसे डालने शुरू कर दिए। जब शिक्षक ने अपनी जमा रकम और मुनाफा निकालना चाहा, तो सुरीता शर्मा नाम की एजेंट ने आईएमएफ मोनेटरी पॉलिसी फीस और 18% जीएसटी के नाम पर उनसे और पैसों की मांग की। ठगों ने उन्हें फर्जी बैंक एड्रेस और स्क्रीनशॉट भेजकर भ्रमित किया। पैसे न देने पर अकाउंट ब्लॉक कर रकम जीरो करने की धमकी दी गई। इस तरह उधार और अपनी जमा-पूंजी मिलाकर करीब नौ लाख रुपये गंवाने के बाद आरोपियों ने शिक्षक को ब्लॉक कर दिया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने पुलिस की शरण ली। एसओ संजीत कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments