देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने मानसून सत्र 2025 के दौरान आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था बहाल करने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अपने अधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार मधवाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
संस्थान के अनुसार, अधिकारी ने विषम एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए राज्य के कई आपदा ग्रस्त इलाकों में विद्युत आपूर्ति को शीघ्र बहाल किया। उनकी इस सराहनीय सेवा ने “सुरक्षित उत्तराखण्ड निर्माण” में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता (वितरण) तथा निदेशक (परिचालन) ने कहा कि अधिकारी द्वारा निभाई गई सेवाएँ अनुकरणीय हैं, और निगम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।

