विकासनगर। गुरुवार को श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज, सहसपुर में डॉ. रविन्द्र सैनी जी की आत्मकथात्मक कृति ‘मेरा जीवन का सफर’ का लोकार्पण भव्य रूप से आयोजित हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कर क्षेत्रवासियों का मान बढ़ाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व शिक्षा मंत्री भारत सरकार एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर विधायक पुंडीर ने कहा कि डॉ. रविन्द्र सैनी की यह कृति उनके जीवनानुभवों का अमूल्य संग्रह है, जो न केवल साहित्य जगत को समृद्ध करेगी बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने इस साहित्यिक उपलब्धि पर डॉ. रविन्द्र जी को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
विधायक पुंडीर ने कहा कि शिक्षा और साहित्य समाज को दिशा देने वाली धुरी हैं, और इस प्रकार के प्रयास समाज को नई सोच और ऊर्जा प्रदान करते हैं।
इस मौके पर विश्व जनजागृति मिशन अस्तित्व एजुकेशन सोसाइटी के संस्थापक डॉ. आचार्य आशीष सेमवाल, कॉलेज के सह-प्रबंधक सी. एम. पयाल, कॉलेज प्रधानाचार्य रविन्द्र सैनी, जिलाध्यक्ष मीता सिंह, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

