रुद्रप्रयाग। तिलवाड़ा मुख्य बाजार के पास रुद्रप्रयाग की ओर से आ रही एक बस और अगस्त्यमुनि की ओर से आ रही एक कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार के बोनट और चालक साइड के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार युवकों का एयरबैग खुल गया जिससे दो यात्रियों को सिर्फ हल्की चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इस दौरान आधा घंटा जाम भी लग गया। घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी जावेद अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटाकर जाम खुलवाया और यातायात सुचारु कराया। इधर इसी घटना के करीब दो घंटे बाद केदारनाथ हाईवे पर एक अन्य बस और कार की भी भिड़ंत हुई। हालांकि उसमें किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

