देहरादून। पेंशनर्स भवन कोषागार में गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की ओर से आयोजित बैठक में पेंशनर्स की विभिन्न लंबित मांगों के समाधान के लिए सभी पेंशनर्स से एकजुट होकर संगठित होने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि गोल्डन कार्ड योजना को पूर्ण रूप से सीजीएचएस के अनुरूप किया जाए। शुक्रवार को गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की ओर से बैठक आयोजित की गई। अध्यक्ष ठाकुर शेर सिंह थापली ने संगठन की बैठक को संबोधित करते हुए पेंशनर्स की विभिन्न लंबित मांगों के समाधान के लिए सभी पेंशनर्स से एकजुट होने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 12 अगस्त को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णयों पर संबंधित विभागो की प्रगति बहुत धीमी चल रही है। इससे वह संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स ने अपने सेवाकाल में देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तथा पेंशन संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनका अधिकार है। दिनेश जोशी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उनका स्वागत व सम्मान किया गया।मंत्री दीपचंद शर्मा ने कहा है कि पेंशनर्स की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्राधिकरण स्तर पर शिकायत निवारण पोर्टल का गठन किया जाए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजेंद्र कुमार ने कहा कि पेंशनर्स से जुड़ी अन्य लंबित मांगों पर भी शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है। नोशनल इंक्रीमेंट की पत्रावली भी सचिवालय में धक्के खा रही है। कोषाध्यक्ष अनिल कुमार पैन्यूली ने कहा है कि प्रत्येक सदस्य का दायित्व है कि वह संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करे तथा अधिक से अधिक पेंशनर्स को संगठन से जोड़े। प्रवक्ता महीधर सिंह तोमर ने कहा कि पेंशनर्स की एकजुटता और संगठित प्रयासों से उनकी जायज मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कार्यकारिणी का विस्तार किया
बैठक में कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया।इसमें सलाहकार के पद पर दिनेश जोशी, उपाध्यक्ष गिरीश भट्ट, आरसी गर्ग, राजकुमार अग्रवाल, जयपाल सिंह, पीपी सैनी, मनोहर सदना को बनाया गया। संयुक्त मंत्री के पद पर नंदकिशोर त्रिपाठी ,संगठन मंत्री चंद्रभान मुल्तानी, दिनेश सुंदरियाल, प्रचार मंत्री कुंवर सिंह रमोला को बनाया गया। सदस्य कार्यकारिणी अजय कुमार सिंह, ललित मोहन उनियाल, कुंवर सिंह नेगी, हेमंत रोतेला व विधिक सलाहकार के पद पर एस आर नौटियाल को नामित किया गया। बैठक में ऋषिकेश व विकास नगर में उप शाखा के चुनाव का भी निर्णय लिया गया। सभा के अंत में ठाकुर शेर सिंह ने सभी पदाधिकारीयो से आगामी सभी बैठकों में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

