उत्तरकाशी। भाजपा नेता व यूपी के पूर्व सीएम स्व. मुलायम सिंह यादव की छोटी बहु अपर्णा यादव बुधवार को अपने मायके उत्तरकाशी पहुंचीं। अपर्णा अपने मायके डुंडा ब्लॉक के सैंणी में होने वाले धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए पहुंची हैं। उनके पिता अरविंद बिष्ट ने अपने घर में पांच दिवसीय अनुष्ठान रखा है। हेलिकॉप्टर से हेलीपैड मातली पहुंचने के बाद वे उत्तरकाशी सड़क से पहुंचीं। मातली हैलीपैड पर बरसाली क्षेत्र के लोगों एवं भाजपा नेताओं ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे उत्तरकाशी के प्रसिद्ध विश्वनाथ मंदिर पहुंची और पूजा अर्चना कर देश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद पत्रकार वार्ता में मीडिया से रूबरू होते हुए आम बजट की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बजट में महिलाओं का विशेष ध्यान रखा है। यह बजट महिलाओं के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस आम बजट में हर वर्ग को ध्यान में रखा गया है। जिस पर लोगों में काफी खुशी है।