रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले को 24 नई एएनएम मिली हैं। जनपद में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एएनएम) के 24 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति स्थल आवंटित कर दिए गए हैं। चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से 25 पदों पर चयन हुआ था। इनमें से 24 अभ्यर्थी काउंसलिंग में शामिल हुईं जबकि एक अभ्यर्थी अनुपस्थित रही। चयनित अभ्यर्थियों को एक माह में आवंटित स्वास्थ्य इकाइयों में कार्यभार ग्रहण करना होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि मेरिट और निर्धारित मानकों के आधार पर अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य उपकेंद्र तिलवाड़ा, सुमाड़ी, चोपड़ा, जवाड़ी, मयाली, दुर्गाधार, बुढ़ना, मनसूना, बसुकेदार, चौरा, दिगधार, बरसूड़ी, जग्गी-बगवान, फाटा, त्यूंखर, खलियाण, लदोली, जसोली, रामपुर और दैड़ा में तैनाती दी गई है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में दो और ऊखीमठ में तीन पदों पर नियुक्ति स्थल आवंटित किए गए हैं। इन नियुक्तियों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। काउंसलिंग प्रक्रिया सीएमओ डॉ. पारुल गोयल की अध्यक्षता में गठित समिति की देखरेख में हुई। समिति में जिला चिकित्सालय के पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष कुमार , मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस नेगी और डॉ. भुवन चंद्र शामिल रहे। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप सिंह रावत, प्रधान सहायक महिपाल सिंह नेगी और कनिष्ठ सहायक दीपक रावत भी प्रक्रिया में शामिल रहे।

