देहरादून। आईटीआई निरंजनपुर में शनिवार को दीक्षांत समारोह 2026 धूमधाम से मनाया गया। इसमें कालसी, विकासनगर, महिला आईटीआई देहरादून, राजपुर रोड और निरंजनपुर के व्यवसायवार टॉपर प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कैंट विधायक सविता कपूर रहीं। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विशिष्ट अतिथि संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण) पंकज कुमार ने प्रशिक्षार्थियों को बाजार की मांग के अनुरूप अपने कौशल को लगातार अपडेट करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस दौरान प्रशिक्षार्थियों ने सरस्वती वंदना के साथ गढ़वाली, जौनसारी और गुजराती नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। प्रधानाचार्य दिनकर रौतेला ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन रविंद्र सिंह चौहान और अनीता नेगी ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य (महिला) पल्लवी, कार्यदेशक रविंद्र रावत, शंभू प्रसाद भट्ट, सुभाष, जितेंद्र, दीपेंद्र, खजान, मितेंद्र आदि मौजूद रहे।

