Tuesday, August 11, 2026
Homeउत्तराखंडरुड़कीमेरा गांव मेरी सड़क योजना में अनियमितताओं की शिकायत

मेरा गांव मेरी सड़क योजना में अनियमितताओं की शिकायत

रुड़की। मेरा गांव मेरी सड़क योजना के तहत कराए गए कार्यों में कथित अनियमितताओं की शिकायत के बाद जांच तेज हो गई है। जांच समिति के सदस्य एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनसी जोशी ने लक्सर के खंड विकास अधिकारी से योजना से संबंधित चार बिंदुओं पर तथ्यात्मक जानकारी मांगी है। उन्होंने सभी बिंदुओं का स्पष्ट और अभिलेखों के आधार पर जवाब जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि जांच को आगे बढ़ाया जा सके। दरअसल, आरटीआई कार्यकर्ता आकाश सैनी ने मेरा गांव मेरी सड़क योजना के तहत जिले में कराए गए कार्यों में नियमों के विपरीत टेंडर प्रक्रिया अपनाए जाने और करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्राम्य विकास विभाग के अनु सचिव से शिकायत की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई थी। समिति की ओर से सभी विकासखंडों से शिकायत से संबंधित दस्तावेज और अभिलेख मांगे गए हैं।
इसी क्रम में जांच समिति के सदस्य मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनसी जोशी ने लक्सर ब्लॉक के बीडीओ से चार बिंदुओं पर जवाब मांगा है। पहले बिंदु में योजना के मूल उद्देश्य पर जानकारी मांगी गई है। योजना का उद्देश्य मुख्य मार्ग से ग्राम पंचायतों को जोड़ना था, जबकि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2023-24 और 2025-26 में बनाई गई कई सड़कें पहले से ही मुख्य मार्गों से जुड़ी हुई थीं। ऐसे में योजना का चुनाव किस आधार पर किया गया, इसका जवाब मांगा गया है।
दूसरे बिंदु में सड़कों के निर्माण के लिए अपनाई गई टेंडर प्रक्रिया को लेकर जानकारी मांगी गई है। आरोप है कि टेंडर का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया गया और राष्ट्रीय स्तर के समाचार पत्रों में निविदा प्रकाशित करने के बजाय मनमाने तरीके से समाचार पत्रों का चयन किया गया। समिति ने इस संबंध में अभिलेखीय प्रमाण उपलब्ध कराने को कहा है।
तीसरे बिंदु में उत्तराखंड अधिप्राप्ति नियमावली, 2017 के प्रावधानों और मूल सिद्धांतों का पालन किए जाने को लेकर जवाब मांगा गया है। वहीं चौथे बिंदु में टेंडर प्रक्रिया में सीमित संख्या में ठेकेदारों के शामिल होने और उसके आधार पर कार्य आवंटित किए जाने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने सभी बिंदुओं पर तथ्यात्मक और स्पष्ट जवाब जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जवाब और संबंधित अभिलेख मिलने के बाद जांच समिति मामले की पड़ताल को आगे बढ़ाएगी।

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments