पौड़ी। विकासखंड कीर्तिनगर के राजकीय इंटर कॉलेजों और हाईस्कूलों में आधारभूत सुविधाओं की कमी अब काफी हद तक दूर होगी। जिला योजना के तहत ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में नए कक्षा-कक्षों के निर्माण, भवनों की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए करीब 84 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। विकासखंड के कई इंटर कॉलेज वर्षों से कक्षा-कक्षों की कमी की समस्या से जूझ रहे हैं। कई विद्यालयों में पर्याप्त कक्ष नहीं होने के कारण पढ़ाई प्रभावित होती है जबकि कुछ इंटर कॉलेज आज भी हाईस्कूल या जूनियर विद्यालयों के भवनों में संचालित किए जा रहे हैं। जिन विद्यालयों के अपने भवन हैं, उनमें से कई भवन जर्जर हो चुके हैं। अब जिला योजना के तहत स्वीकृत बजट से इन विद्यालयों में आवश्यक निर्माण और मरम्मत कार्य किए जाएंगे। खंड शिक्षाधिकारी डॉ. यशवंत सिंह नेगी ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज खोला, राड़ागाड़ और चौकी में बरामदे सहित नए कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए 21-21 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज कपरोली में भवन मरम्मत के लिए पांच लाख, राजकीय इंटर कॉलेज बैंजवाड़ी में कक्षा-कक्षों की मरम्मत के लिए चार लाख, राजकीय इंटर कॉलेज गोनीखाल में पुश्ता निर्माण के लिए तीन लाख तथा राजकीय इंटर कॉलेज डांग में विद्यालय की जर्जर छत की मरम्मत के लिए सात लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं राजकीय हाईस्कूल लक्ष्मोली में लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए दो लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

