उत्तरकाशी। नगर पालिका में अनदेखी और भ्रष्टाचार के विरोध में सभासदों का क्रामिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। साथ ही सभासदों ने नगर पालिकाध्यक्ष मनोज कोहली के वित्तीय अधिकार सीज करने और ईओ बीरेंद्र सिंह पंवार का स्थानांतरण की मांग की। उन्होंने जल्द ही मांगों का निस्तारण न होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने का निर्णय लिया। रविवार को धरने पर बैठे सभासदों ने कहा कि नगर पालिका में हुए सभी निर्माण कार्यों, निविदाओं और खरीद फरोख्त की स्वतंत्र व उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही पालिकाध्यक्ष मनोज कोहली के वित्तीय अधिकार और ईओ का स्थानांतरण करने, पालिकाध्यक्ष की वित्तीय अधिकार सीज करने, निष्पक्ष जांच के लिए सक्षम अधिकारी को नियुक्त करने की मांग की। कहा कि सभासदों के धरने को दूसरा दिन है लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। कहा कि यदि जल्द ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो वे जन आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर सभासद मनीष कुकरेती, विशना देवी, लीला रावत, प्रवीन गुनसोला, सिद्धार्थ नौटियाल, सविता पंवार, मनवीर कुमार आदि मौजूद रहे।

