Saturday, March 14, 2026
Homeउत्तराखंडरुद्रपुरपंतनगर में 119वें अखिल भारतीय किसान मेले का मुख्यमंत्री धामी ने किया...

पंतनगर में 119वें अखिल भारतीय किसान मेले का मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारम्भ

पंतनगर।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया और विश्वविद्यालय साहित्य का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मेले किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि यहां उन्हें नई तकनीक और नवाचारों की जानकारी मिलती है तथा वैज्ञानिकों से सीधे संवाद का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने किसानों को देश के असली नायक बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण से ही गांव, क्षेत्र और देश का विकास संभव है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर के 10 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है, जिसमें उत्तराखंड के 9 लाख से अधिक किसान शामिल हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी की है। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान मानधन योजना, बागवानी विकास योजना, बूंद-बूंद सिंचाई योजना जैसी योजनाओं से सशक्त किया जा रहा है। प्रदेश सरकार किसानों को 3 लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध करा रही है और किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने हेतु पॉलीहाउस लगाने के लिए 200 करोड़ की धनराशि रखी गई है, जिनमें से अब तक 115 करोड़ की लागत से 350 पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए क्षेत्र विशेष के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। 1200 करोड़ की लागत से नई सेब नीति लागू की गई है और कई योजनाओं में 80 प्रतिशत तक राज्य सहायता दी जा रही है। प्रदेश में 7 एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं, ड्रेगन फ्रूट उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है, फलों के उत्पादन में वृद्धि हुई है और मशरूम उत्पादन 27 हजार मीट्रिक टन तक पहुंच गया है। शहद उत्पादन में भी राज्य देश में 8वें स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में पारित 1 लाख 11 हजार करोड़ के बजट में कृषि, उद्यान, एरोमैटिक, मत्स्य, मौन पालन और शोध के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने किसानों से जागरूक होकर नई कृषि तकनीक अपनाने की अपील की और कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि रखती है।
कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगे हैं और प्रतिदिन लगभग 20 हजार लोग भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक तिलक राज बेहड़, मेयर विकास शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments