देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम.बी. इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष–2025 के उपलक्ष्य में भव्य सहकारिता मेले में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों को सशक्त बनाने हेतु 16.97 करोड़ रुपये तथा 75.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला सहकारिता आधारित अर्थव्यवस्था को नई गति देगा और स्थानीय उत्पादों को मंच प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी 671 समितियाँ डिजिटल प्रणाली से कार्यरत हैं और 3838 समितियों का डेटा राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस पर अपलोड किया जा चुका है।
उन्होंने जानकारी दी कि फरवरी 2023 से अब तक 800 नई PACS, 248 डेयरी समितियाँ और 116 मत्स्य समितियाँ गठित की गई हैं। किसानों को ब्याज-मुक्त ऋण और मंडुवा की खरीद दर बढ़ाने जैसे कदम सहकारिता को मजबूती दे रहे हैं।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की 1.68 लाख महिलाएँ “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। उन्होंने हल्द्वानी क्षेत्र में योग एवं आयुष अस्पताल, कैंसर संस्थान, रिंग रोड, बाईपास, मल्टीस्टोरी पार्किंग और वेस्ट मैनेजमेंट जैसे विकास कार्यों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सांस्कृतिक पहचान की सुरक्षा, धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार पर “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति के साथ काम कर रही है। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग के आह्वान का समर्थन करते हुए जनभागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, मंत्री सुरेश भट्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूह की महिलाएँ उपस्थित रहीं।

