हरिद्वार। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने रविवार को चंद्राचार्य चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल भास्कर और पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार निरंकुश हो गई है। बीजेपी वोट चोरी कर सरकार बनाती है। ऐसी सरकार को गद्दी पर बैठने का अधिकार नहीं है। जनता के मताधिकार को भाजपा छीन रही है। पार्षद सुनील कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष जतिन हांडा ने कहा कि भाजपा संविधान को नहीं मानती। नेता प्रतिपक्ष और विधायक के साथ जो व्यवहार किया गया वह बहुत ही निंदनीय है। कांग्रेस सेवादल महानगर अध्यक्ष अश्विन कौशिक, पूर्व महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमला पांडे ने कहा कि जब से राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और भाजपा की चोरी पकड़ी है तब से भाजपा बौखला गई है। प्रदर्शन करने वालों में संजय अग्रवाल, विभाष मिश्रा, हरद्वारी लाल, जगदीप असवाल, हिमांशु बहुगुणा, वसीम सलमानी, हरजीत सिंह, दीपक कोरी, विजय शर्मा, निखिल सौदाई, वीरेंद्र भारद्वाज, महेंद्र गुप्ता, आकाश, दीपक लाला, दिनेश नेगी आदि शामिल रहे।

