देहरादून। ऑटो-विक्रम संचालक परिवहन विभाग के खिलाफ लामबंद होने लगे हैं। बुधवार को हुई ऑटो-विक्रम महासंघ की बैठक में वक्ताओं ने सरकार पर रोजगार छीनने का आरोप लगाया। कहा कि ऑटो-विक्रम वालों के लिए नये-नये नियम लागू किए जा रहे हैं, पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियों पर काम किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संचालकों ने चरणबद्ध तरीके से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। इंदिरा मार्केट स्थित विक्रम जन कल्याण समिति के कार्यालय में बैठक शुरू करने से पहले ऑटो-विक्रम संचालकों ने परिवहन विभाग और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर महासंघ के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि परिवहन विभाग लगातार ऐसे फैसले ले रहा है, जिससे ऑटो-विक्रम वालों के रोजगार पर संकट खड़ा हो रहा है। इस मौके पर महासंघ के सचिव सतीश शर्मा, दून ऑटो-रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा, सचिव शेखर कपिल, विक्रम जन कल्याण समिति के सचिव संजय अरोड़ा, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र नेगी, ऑटो-रिक्शा यूनियन ऋषिकेश के अध्यक्ष बैचन गुप्ता, हरिद्वार के अध्यक्ष राजेश भट्टा, रामझूला ऋषिकेश के अध्यक्ष राम आशीष राजभर, हरिओम चौधरी, नवीन जैन, प्रताप यादव, मांगेराम, सुरेश राणा, हरीश अरोड़ा, जयकेश गिरी आदि मौजूद रहे।

