देहरादून। सेलाकुई स्थित फार्मा कंपनी से सेफिक्साइम औषधि पाउडर चोरी करने के मामले में पुलिस ने कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सेफिक्साइम औषधि पाउडर और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपी चोरी की गई औषधि को बेचने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष लोकपाल परमार ने बताया कि 19 अगस्त को मैसर्स ईस्ट अफ्रीकन ओवरसीज फार्मा कंपनी के सेलाकुई के वाइस प्रेसिडेंट एवं अधिकृत प्रतिनिधि जितेंदर कुमार ने थाना सेलाकुई में तहरीर दी।बताया कि कंपनी के कर्मचारी अनिल चौहान, सीनियर एग्जीक्यूटिव, ने कंपनी की सामग्री में से सेफिक्साइम औषधि पाउडर चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए टीम गठित की। टीम ने जांच करते हुए शनिवार को नामजद आरोपी अनिल चौहान को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर सेलाकुई स्थित एक निर्माणाधीन भवन के कमरे से थैले में पन्नी सहित सेफिक्साइम औषधि पाउडर तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक बरामद नकदी औषधि को बेचकर अर्जित की गई थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल चौहान पुत्र राजेश बाबू, निवासी मधु विहार गली नंबर-एक, थाना सेलाकुई, देहरादून, मूल निवासी नौगांवा सादाबा, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश, के रूप में हुई है।

