विकासनगर। उत्तराखंड के नागरिकों को घुसपैठिया कहने संबंधी कथित बयान पर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने विरोध जताया है। उक्रांद के कार्यकारी शहर अध्यक्ष अरविंद तोमर ने कहा कि उत्तराखंडवासियों के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल देवभूमि के मान-सम्मान और यहां के लोगों की अस्मिता का अपमान है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध और व्यक्तिगत कटाक्ष करते समय नेताओं को भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के संबंधों का उल्लेख: तोमर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने बयानों में उत्तराखंड के लोगों के सम्मान का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और उनके भाई की पत्नी अपर्णा यादव का भी उत्तराखंड से पारिवारिक संबंध है। ऐसे में प्रदेश के नागरिकों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि घुसपैठिया शब्द का इस्तेमाल देश की सीमाएं पार कर अवैध रूप से प्रवेश करने वाले लोगों के संदर्भ में किया जाता है। अपने ही देश के किसी राज्य के नागरिकों के लिए इस शब्द का इस्तेमाल अनुचित है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश दोनों भारत के अभिन्न अंग हैं और दोनों राज्यों के लोगों के बीच सामाजिक, पारिवारिक तथा आर्थिक संबंध रहे हैं।

