देहरादून। आगामी 24 मई को दून में आयोजित होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा जनपद के 32 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें कुल 12,545 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफल बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की है।
अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने गुरुवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस नोडल अधिकारी और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और फेस ऑथेंटिकेशन एप जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। साथ ही परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों को सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अपने मोबाइल नंबर केंद्र व्यवस्थापकों को उपलब्ध कराने और परीक्षा अवधि में सक्रिय रखने को कहा गया है।
परीक्षा दो पालियों में होगी—प्रथम पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक। प्रश्नपत्रों के सील्ड पैकेट कोषागार के डबल लॉकर से निर्धारित समय पर निकालकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। एडीएम ने परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा और समयबद्ध संचालन पर विशेष जोर दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक सिटी प्रवीण कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

