देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धामी सरकार के तीन साल के कार्यकाल की तारीफ की है। मोदी ने राज्य सरकार को भेजे संदेश पत्र में कहा उत्तराखंड के कर्मठ और ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के सफलतापूर्वक तीन वर्ष पूरे होने पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने सेवा, सुशासन और विकास के ये तीन वर्ष उत्तराखंड के उत्थान में एक बड़ी उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने इस पर प्रदेशवासियों की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया है। पत्र में मोदी ने कहा कि मुझे अत्यंत खुशी है कि अपनी विरासत पर गर्व के भाव के साथ आगे बढ़ता हुआ उत्तराखंड आज विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। आज से 25 वर्ष पहले जिस विकास और पहचान को स्थापित करने के लिए उत्तराखंड का गठन हुआ था, आज राज्य उस दिशा में तेजी से अग्रसर है। इसके लिए एक ठोस कार्य योजनाके साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, परिवहन और पर्यटन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

