रुद्रप्रयाग। आम आदमी पार्टी की जिला कार्यकारिणी की रविवार को आयोजित बैठक में जोत सिंह बिष्ट को जिला संयोजक और सुनील भट्ट को जिला मीडिया प्रभारी बनाया गया है। इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पेयजल जैसी मुलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा भी की गई। जबकि कई कांग्रेसियों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। मुख्यालय स्थित काली कमली धर्मशाला में आयोजित बैठक में आप के प्रदेश संगठन मंत्री गणेश भट्ट ने कहा कि पहाड़ों में आम आदमी स्वास्थ्य, शिक्ष, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित इलाज न मिलने के कारण बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर करना पड़ता है, किंतु उन्हें वहां से भी देहरादून रेफर कर दिया जाता है। कहा कि भाजपा और कांग्रेस की सरकारों में जनपद मुलभूत सुविधाओं से जूझ रहा है। कहा कि आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनाव में पार्टी अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारेगी। बताया कि नगर पालिका रुद्रप्रयाग की जन समस्याओं को लेकर जल्द आम आदमी पार्टी आंदोलन शुरू करेगी। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी सेवा दल के पूर्व जिलाध्यक्ष पीके रूडियाल ने अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश पंवार, अमरजीत रूदिया, यशवंत नेगी, पुरुषोत्तम चंद्रवाल, देवेंद्र बिष्ट, अरविंद पंवार, देवप्रकाश, कलम सिंह रावत ने अपने विचार व्यक्त किए।

