देहरादून। कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करने के मामले में भाजपा मुख्यालय घेरने जा रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। पुलिस कुछ प्रदर्शनकारियों को डालनवाला थाने ले आई। बाद में हरीश रावत और हीरा सिंह बिष्ट के पहुंचने पर इन्हें छोड़ दिया गया। कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शनिवार को शनिवार को नेहरू कॉलोनी फव्वारा चौक से बलबीर रोड स्थित भाजपा मुख्यालय के लिए कूच किया, तो पुलिस ने उन्हें चौक के पास में ही रोक लिया। आगे बढ़ने के लिए जोर जबरस्ती करने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर दिया। इस पर पुलिस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष प्रकाश नेगी डिवायडर पर गिरने से चोटिल हो गए। जिन्हें पुलिस कार में उठा ले गई। साथ ही प्रदर्शन कर रहे पूर्व महानगर महासचिव हरजोत सिंह, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष सक्षम यादव, प्रांजल को पकड़कर डालनवाला कोतवाली ले आई। इधर, कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग और उन्हें हिरासत में लिए जाने की सूचना पर पूर्व सीएम हरीश रावत, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, गरिमा दसौनी, नजमा खान, आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा, निधि नेगी डालनवाला कोतवाली पहुंच गए। बाद में पुलिस ने सभी एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन भंडारी, प्रदेश महासचिव यूथ कांग्रेस कमल कांत, इंटक जिलाध्यक्ष रिहान, एनएसयूआई कार्यकर्ता मनीष रावत, मुकेश बसेड़ा, मुस्कान, मोहम्मद करीम, अंकित, काजल थापा, करन राय, प्रांचल नौनी, हर्ष राणा, नमन समेत अन्य मौजूद रहे।

