देहरादून। मौसम विभाग पिछले कई दिनों से देहरादून में भी बारिश की संभावना जता रहा था, लेकिन बादल विभाग के पूर्वानुमान को उड़ा रहे हैं। ऐसे में आज सोमवार 12 जून को मौसम विभाग ने संभलकर मौसम संबंधी पूर्वानुमान जारी किया है। जहां पहले मौसम विभाग रविवार से मैदानी इलाकों में हर दिन बारिश की संभावना जता रहा था, वहीं अब 14 जून से मैदानी इलाकों में बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, रविवार की सुबह भी देहरादून में बादल घिर गए थे और एक बार ऐसा लगने लगा था कि बारिश होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, देहरादून में तीन दिन बाद तापमान में गिरावट संभव है। 13 जून को इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी और राज्य के मैदानी जिले शुष्क रहेंगे। 14 से 16 जून तक राज्य के मैदानी इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, पर्वतीय जिलों में हर दिन बारिश की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान 14 और 15 जून को राज्य में आकाशीय बिजली चमकने, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार 12 जून की सुबह करीब साढ़े दस बजे देहरादून का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है। 13 जून को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और 14 जून को 36 डिग्री रह सकता है। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी। 15 से 17 जून तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री, 18 व 19 जून को अधिकतम तापमान 32 डिग्री रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 24 डिग्री ही रहेगा। 12 से 19 जून तक देहरादून में कहीं कहीं बादल दिखेंगे। साथ ही 18 और 19 जून को दून में बारिश की संभावना जताई जा रही है।

